The Samachar Express

समस्तीपुर में दिनदहाड़े इंटर की छात्रा की गोली मारकर हत्या, एक दिन पहले मिली थी शादी करने की धमकी

 

समस्तीपुर जिले के वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया गांव में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। स्कूल जा रही इंटर की छात्रा सोनम कुमारी की बीच सड़क पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी। घटना में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए हैं और मामले की जांच तेज कर दी है।

मृतका की पहचान कैजिया गांव वार्ड संख्या-14 निवासी उमेश ठाकुर की पुत्री सोनम कुमारी के रूप में हुई है। वह पूसा रोड स्थित कस्तूरबा विद्यालय में 12वीं की छात्रा थी। सोमवार सुबह करीब 9 बजे वह स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर पैदल विद्यालय जा रही थी। घर से कुछ दूरी पर कैजिया मलंग स्थान के पास बाइक सवार हमलावरों ने उस पर कई राउंड फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि छात्रा को चार गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने वैनी थाना के सामने टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

परिजनों का आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने इस वारदात को अंजाम दिया। मृतका की मां संगीता देवी के अनुसार, उनकी बेटी की गांव के एक युवक से बातचीत होती थी और घटना से एक दिन पहले उसे शादी करने के लिए धमकी दी गई थी। परिवार का आरोप है कि उसी युवक ने गोली मारकर उसकी हत्या की।

सूचना मिलते ही वैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। सदर अस्पताल में एसपी अरविंद प्रताप सिंह और सदर एसडीपीओ-1 सह एएसपी संजय कुमार पांडेय ने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।

एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय ने बताया कि घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में कुछ अहम सुराग मिले हैं और उनके आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच जारी है।

Suman kumar jha

Digital media network of Bihar. the latest news in hindi including breaking news , top headlines , latest video on elections , local city wise coverage and more on👇🏻 website:– www.thesamacharexpress.com

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने