Agnipath Protest : बिहार एनडीए में दो फाड़, भाजपा बोली-अलग रास्ता देख ले जदयू

सेना भर्ती में अग्निपथ योजना के विरोध में बिहार में भारी बवाल के बीच अब सियासी तनातनी भी बढ़ गई है। प्रदर्शन के दौरान उपद्रवियों द्वारा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल (Sanjay Jaiswal) और डिप्टी सीएम रेणु देवी के आवास पर हमले के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। इसपर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह (Lalan Singh) और संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा (Upender Khuswaha) ने मोर्चा संभालते हुए संजय जायसवाल पर हमला किया था। दोनों पार्टियों के बीच सियासी बयानबाजी अब तूल पकड़ती जा रही है। बीजेपी ने अब साफ शब्दों में कह दिया है कि अगर मन में बहानेबाजी है तो जदयू अपना अलग रास्ता देख सकता है।
बिहार में अग्निपथ योजना को लेकर प्रदर्शन के दौरान बीजेपी के प्रदेश और डिप्टी सीएम रेणु देवी के आवास पर हुए हमले के बाद संजय जायसवाल ने राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। जदयू की तरफ से ललन सिंह और उपेन्द्र कुशवाहा ने पलटवार किया था। दोनों तरफ से सियासी बयानबाजी अब तूल पकड़ती जा रही है। बीजेपी कोटे से मंत्री नीरज कुमार बबलू से जब गठबंधन को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हर किसी के मन में कुछ चल रहा। कोई बहाना बनाकर आगे निकलना चाहता है तो यहां कोई पैर नहीं पकड़ रहा है। अगर बहाना मन में चल रहा है तो अपना रास्ता देख सकते हैं। गठबंधन दोनों की सहमति से चलता है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के पैतृक आवास बेतिया में प्रदर्शन के दौरान हमले को लेकर उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन की गलती है तो उस मुद्दे पर बात तो होगी ही। प्रशासन की गलती को सामने रखने पर उसपर कार्रवाई करने दायित्व सरकार का होना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष और डिप्टी सीएम के आवास पर हमले के बाद प्रशासन के लोगों से यह पूछा जाना चाहिए कि आखिर ये सब कैसे हुआ? जब इसकी पहले से जानकारी थी। गौरतलब है कि संजय जायसवाल और डिप्टी सीएम रेणु देवी के आवास पर उपद्रवियों द्वारा हमले के बाद बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा था कि अग्निपथ योजना पर प्रदर्शन बिहार को बर्बाद करने का षडयंत्र था। दुख की बात है कि पुलिस और प्रशासन गैर जिम्मेदार बना रहा वरना उपद्रव पर नियंत्रण पाया जा सकता था। जदयू की तरफ से ललन सिंह और उपेन्द्र कुशवाहा ने पलटवार किया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post